
सागर। सागर जिले के सानौधा थाना अंतर्गत चौकी शाहपुर क्षेत्र में दोहरे हत्याकाण्ड प्रकरण में 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।वहीं फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी सूरज अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 07 शाहपुर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक शराब बेचने के संदेह को लेकर आरोपीगण. नीलेश अहिरवार पिता काशीराम अहिरवार निवासी शाहपुर, भगवत पटैल पिता कुन्दन पटैल निवासी शाहपुर, अंशुल यादव पिता रामप्रसाद यादव निवासी भडराना थाना बण्डा,. छोटू उर्फ हर्ष सिंह लोधी एवं अभिषेक पटैल निवासी शाहपुर द्वारा फरियादी एवं नीरज प्रजापति का रास्ता रोककर गाली-गलौज की गई तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए लाठी एवं लोहे की रॉड से गंभीर मारपीट की गई। घटना में गंभीर रूप से घायल नीरज प्रजापति की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि घायल सूरज अहिरवार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।आरोपियों ने मृतक एवं घायल की मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की तथा स्वयं की बोलेरो वाहन को भी सड़क के नीचे खंती में उतारकर ऐसा दृश्य निर्मित करने का प्रयास किया कि घटना एक सड़क दुर्घटना प्रतीत हो। पुलिस ने 128/26 धारा 103(1), 126(2), 190, 191(2), 191(3), 296(B), 115(2) बी.एन.एस. एवं 3(1)(द), 3(1)(घ), 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीमों द्वारा ग्राम मंझला, भडराना, बूड़ा खेड़ा, धबौली, शाहपुर एवं किन्द्रह सहित विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई तथा विश्वसनीय मुखबिर सक्रिय किए गए। मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी नीलेश अहिरवार अपने घर शाहपुर आने वाला है तथा आरोपी अंशुल यादव अमोदा तिराहे के पास अपने परिजनों से मिलने आने वाला है एवं प्रदेश से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल दो अलग-अलग पुलिस टीमें रवाना की गईं।
पहली टीम द्वारा शाहपुर में आरोपी नीलेश अहिरवार के घर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन भागते समय गिरने से उसके दाहिने पैर में चोट आ गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे सावधानीपूर्वक गिरफ्तार किया तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहपुर में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद थाना सानौधा लाया गया।
वहीं दूसरी टीम द्वारा अमोदा तिराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी अंशुल यादव को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों से घटना में प्रयुक्त आलाजरब बरामद कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। फरार अन्य आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस की विशेष टीमें लगातार प्रयासरत हैं।पूछताछ एवं पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी नीलेश अहिरवार का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 08 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा उसे पूर्व में जिला बदर भी किया जा चुका है। आरोपी अंशुल यादव के विरुद्ध थाना बण्डा में मारपीट का प्रकरण दर्ज है।
