जबलपुर: संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में बीती रात विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त एक बुजुर्ग को निशाना बनाकर बदमाश ने पथराव किया। गनीमत रही कि पत्थर सीढ़ी के कांच पर जा लगा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पूरी वारदात घर के बाहर लगे कैमरे में कैद हो गई है।पुलिस के मुताबिक श्यामलाल विश्वकर्मा विद्युत विभाग से रिटायर्ड हैं और संजीवनी नगर में सपरिवार रहते है बीती करीब 12:40 बजे विश्वकर्मा घर की ऊपरी मंजिल के हॉल में थे।
जैसे ही वे बाथरूम जाने के लिए सीढिय़ों के पास पहुंचे, तभी बाहर खड़े एक अज्ञात युवक ने उन्हें देखते ही जानबूझकर एक बड़ा पत्थर हवा में उछाला। पत्थर सीधे सीढिय़ों पर लगे कांच से टकराया। कांच के परखच्चे उड़ गए। विश्वकर्मा का कहना है कि यदि वहां कांच नहीं होता, तो पत्थर सीधे उनके सिर या चेहरे पर लगता, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो सकते थे। इस हमले में घर के कांच टूटने से करीब 10 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
पत्थर चलने की आवाज सुनकर पीडि़त के बेटे हेमंत और शैलेंद्र विश्वकर्मा तुरंत बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुका था। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर एक संदिग्ध लडक़ा पत्थर मारते हुए दिखाई दे रहा है, जिसने पहचान छिपाने के लिए अपने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। पुलिस प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है।
