लिस्बन, 05 जुलाई (वार्ता) पुर्तगाल के जंगलों में लगी आग भीषण गर्मी की वजह से तेजी से फैल रही है और सबसे अधिक प्रभावित वौजेला क्षेत्र में आग पर काबू पाने के लिए यूरोपीय देशों से अंतरराष्ट्रीय सहायता पहुंचनी शुरू हो गयी है। पुर्तगाल द्वारा शुक्रवार को यूरोपीय नागरिक सुरक्षा तंत्र (यूरोपियन सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म) सक्रिय किये जाने के बाद इटली से दो कनाडेयर जल-बमवर्षक विमान तथा स्पेन से 118 दमकलकर्मी और 45 वाहन राहत एवं बचाव कार्य के लिए भेजे गये हैं। स्पेन और मोरक्को के साथ द्विपक्षीय नागरिक सुरक्षा समझौते के तहत मोरक्को से भी सहायता पहुंचने की उम्मीद है। राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा प्राधिकरण (एएनईपीसी) के अनुसार पिछले 24 घंटों में आग से संबंधित घटनाओं में नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है। प्राधिकरण ने तीन से छह जुलाई तक पूरे मुख्यभूमि पुर्तगाल में अलर्ट घोषित किया है। पुर्तगाल में शनिवार तड़के पहुंचे अंतरराष्ट्रीय संसाधनों को वौजेला क्षेत्र में तैनात किया गया है, जहां बुधवार से लगी आग लगातार फैल रही है। देश के कई हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जतायी गयी है।
.
स्पेन से पहुंचे दमकलकर्मी और वाहन पुर्तगाली टीमों के साथ आग बुझाने में जुटे हैं, जबकि स्पेन और इटली के विमान रविवार से अभियान में शामिल होने की संभावना है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया पर कहा, “यूरोप पुर्तगाल और उसके नागरिकों के साथ खड़ा है, जो एक बार फिर विनाशकारी जंगल की आग का सामना कर रहे हैं।” विसेउ जिले के वौजेला क्षेत्र में लगी आग शनिवार शाम चार बजे तक लगभग 11 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी थी। एएनईपीसी के अनुसार आग बुझाने के लिए 1,238 दमकलकर्मी, 411 वाहन और छह विमान तैनात किये गये हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुर्तगाल सरकार ने विशेष एहतियाती कदम उठाए हैं। इसके तहत जंगलों में लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ प्रकार की मशीनों के उपयोग पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

