जबलपुर: महाशिवरात्रि पर्व को लेकर कलेक्टर जबलपुर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने पुलिस कंट्रोल रूम में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में शिव बारात, शोभायात्रा, झंडा यात्रा एवं शिवालयों में आयोजित कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर एवं एसपी ने निर्देश दिए कि सभी आयोजन पारंपरिक रूप से एवं निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं। शोभायात्राओं और शिवालयों में केवल धार्मिक गीत ही बजाए जाएं, ऐसे गीतों से परहेज किया जाए जिनसे किसी की भावनाएं आहत हों।
जिन मंदिरों में अधिक भीड़ रहती है, वहां आयोजकों द्वारा वालेंटियर तैनात कर सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर नाथूराम गौंड, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा सहित संबंधित एसडीएम एवं नगर पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।
