
सारनी। तेज बारिश बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई गेट खुलने की आशंका।सतपुड़ा बांध के जलाशय क्षेत्र में शनिवार सुबह 8 बजे तक जलस्तर 1431.00 फीट दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में महज 3 मिमी बारिश दर्ज होने के बावजूद शनिवार शाम करीब 5 बजे से मौसम ने अचानक करवट ली। क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हुई, जो खबर लिखे जाने तक करीब डेढ़ घंटे से लगातार जारी रही। बारिश की तीव्रता बढ़ने से सतपुड़ा बांध के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने के आसार नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार जलाशय में अब तक 387 मिमी संचयी वर्षा दर्ज की जा चुकी थी, जबकि बांध के किसी भी गेट को खोलने की आवश्यकता नहीं पड़ी और अधिकतम गेट गतिविधि शून्य रही। हालांकि शाम से जारी तेज बारिश ने बांध प्रबंधन की निगरानी बढ़ा दी है।
लगातार तेज बारिश का असर जलाशय में आने वाले पानी की आवक पर पड़ने की संभावना है। यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो जलस्तर में अपेक्षाकृत तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है और जलाशय की स्थिति के अनुसार आगामी समय में गेट खोलने की आवश्यकता उत्पन्न होने की आशंका भी जताई जा रही है।
फिलहाल बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर रखी जा रही है। आगामी घंटों की बारिश सतपुड़ा बांध की स्थिति के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
