बैतूल: बैतूल जनपद पंचायत में लाखों रुपये के बिजली बिल घोटाले में पुलिस ने पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए वेंडर धर्मेंद्र वरकडे को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को 30 जनवरी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया।यह मामला जनपद पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं की जांच रिपोर्ट के बाद उजागर हुआ था। रिपोर्ट में बिजली बिलों के भुगतान में गड़बड़ी पाई गई थी, जिसके बाद प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
प्रकरण में भृत्य/कंप्यूटर ऑपरेटर छत्रपाल मर्सकोले, वेंडर धर्मेंद्र वरकडे सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र वरकडे (27) निवासी कढाई, थाना कोतवाली बैतूल बताया गया है।पुलिस के अनुसार इस मामले का मुख्य आरोपी छत्रपाल मर्सकोले फिलहाल फरार है। उसकी तलाश में विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक बसंत अहके, सहायक उपनिरीक्षक अजय अजनेरिया और आरक्षक उज्जवल दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
