
नीमच। नीमच के रावण रूंडी क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर रविवार रात हथियारबंद युवकों ने एक युवक पर तलवार से हमला कर दिया। घायल महेश नाथ का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
रात करीब 10 बजे हथियारों से लैस 10-15 युवक दोपहिया वाहनों पर सवार होकर रावण रूंडी पहुंचे और महेश नाथ (27) को घेर लिया। नीमच सिटी निवासी अयान पिता सलीम चुम्बा ने महेश नाथ पर तलवार से हमला किया। महेश ने अपने हाथ से वार को रोकने की कोशिश की, जिससे उनकी कलाई गंभीर रूप से कट गई।
घायल महेश को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही रावण रूंडी और नीमच सिटी से बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और माहौल को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अयान को हिरासत में ले लिया है।
