
जबलपुर से चार संभागों के कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
जबलपुर। कांग्रेस अमावस्या, भाजपा पूर्णमासी है। 2014 भारतीय राजनीति का टर्निंग पाइंट रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिस्पॉन्सिबल, रिस्पॉसिव और रिपोर्ट कॉर्ड वाली सरकारों का दौर शुरू किया है। हमारी अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनामी बता रहे हैं डेड कांग्रेस के डेड लीडर। अब हम दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। विरोधी भी मानते हैं राष्ट्रीयता और संगठन तंत्र में भाजपा का मुकाबला नहीं किया जा सकता है और यही हमारी ताकत है। भारतीय जनता पार्टी देश का इकलौता वैचारिक दल है। हमने सत्ता के लिए समझौते नहीं किए, अपने रास्ते नहीं बदले हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक जिम्मेदार सरकार बनी है जिसने देश की दिशा बदल दी है। ये सारी बातें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने रानीताल स्थित भाजपा के संभागीय कार्यालय में बैठक के दौरान कहीं। उन्होनें इस दौरान ये भी कहा कि हमें कांग्रेस के कारनामों का हिसाब-किताब जनता को बताना होगा। भाजपा ने जो कहा है अवसर मिलते ही उसे करके दिखाया है। पहले सरकार एक व्यक्ति, जाति, क्षेत्र व वर्ग की होती थी, आज जनता की सरकार हो चुकी है।
इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस सांस्कृतिक सूचना केन्द्र, जबलपुर में आयोजित श्योपुर और सिंगरौली के नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले हेल्थ पॉलिसी ऐसी रही कि पहले बीमार होने दो, इसके बाद इलाज होने दो, लेकिन 2017 में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई हेल्थ पॉलिसी बनी जिसने सोच ही बदल डाली। देश में 1 लाख 77 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थापना की गई जिसमें 30 साल से अधिक के हर युवक की स्क्रीनिंग कराई जा रही है। छिपी बीमारी का पता लगाकर उसे बेहतर इलाज दिया जा रहा है। आज के समय मध्यप्रदेश स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक शीर्ष नेतृत्व पूरे देश में प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के साथ प्रदेश में स्वास्थ्य की बहुत अच्छी तस्वीर सामने आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने जबलपुर से प्रदेश में 4 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए एमओयू हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही सिंगरौली-श्योपुर को नए मेडिकल कॉलेज की सौगात दी। आदिवासी अंचल सिंगरौली और श्योपुर में मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण और आयुष्मान भारत योजना के तहत नवाचारों का शुभारंभ भी किया गया। इस मौके पर पीपीपी मॉडल पर मध्यप्रदेश में चार नये मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए एमओयू हस्ताक्षर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की उपस्थिति में किए गए। इस दौरान श्री नड्डा ने आशा महिला कार्यकर्ताओं को सैल्यूट भी किया जिन्होंने स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर अहम योगदान दिया। शाम को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सिविल लाइन में अपने ससुर स्व. सुभाषचंद्र बैनर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे जहां उन्होनें माल्यार्पण करते हुए श्रृद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद नड्डा द्वारा शाम को ग्वारीघाट मेें आयोजित मां नर्मदा जी का अभिषेक और महाआरती की गई। इसके पहले श्री नड्डा के आगमन पर जबलपुर पर भव्य स्वागत किया गया। डुमना से लेकर कार्यालय तक स्वागत मंच लगे हुए थे इस दौरान पुष्प वर्षा हुई।
