नयी दिल्ली 25 अगस्त (वार्ता) तीनों सेनाओं के शीर्ष कमांडर महू स्थित ‘आर्मी वॉर कॉलेज’ में दो दिन तक चलने वाले विशेष सेमिनार ‘रण संवाद 2025’ में युद्ध, युद्ध कला और युद्ध संचालन पर गहन मंथन करेंगे जिसके बाद एक संयुक्त सिद्धांत और सैद्धांतिक एवं क्षमता रोड़मैप जारी किया जायेगा।
सेमिनार के अंतिम दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कमांडरों को संबोधित करेंगे जबकि प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान उद्घाटन भाषण देंगे।
यह आयोजन अपनी तरह की एक अनूठी पहल है जिसमें हर विषय पर सत्र का नेतृत्व करने वाले सेवारत अधिकारी आधुनिक युद्धक्षेत्रों में अपने प्रत्यक्ष संचालन अनुभव और विचार साझा करेंगे। इसका आयोजन रक्षा स्टाफ मुख्यालय और संयुक्त युद्ध अध्ययन केंद्र द्वारा किया गया है।
रण संवाद-2025 का उद्देश्य सभी सशस्त्र बलों के बीच बातचीत, संपर्क और तालमेल को बढ़ाना है। कार्यक्रम में तीनों सेनाओं के शीर्ष सैन्य नेतृत्व के साथ-साथ प्रसिद्ध रक्षा विशेषज्ञ और रक्षा उद्योग के प्रमुखों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें सार्थक संवाद के माध्यम से सूचना युद्ध और ‘ग्रे ज़ोन आइकॉन’ से लेकर ‘ऑपरेशन फ्यूचर’ और युद्ध तकनीक के विषयों पर चर्चा की जाएगी।
