
ग्वालियर। बुधवार को फूल डोल ग्यारस पर गणेशोत्सव का समापन शुरू हो गया है। शहर के गली मौहल्लों और विभिन्न इलाकों से गणेश प्रतिमाओं को लेकर भक्त जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा सागरताल के सामने बनाए गए अस्थाई कुड़ लेकर पहुंचे । यहां गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों के साथ गणेश भक्तों ने आरती और पूजा करने के बाद गणपति को विसर्जन कर विदा किया।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान कोई हादसा न हो, इसके लिए पुलिस के काफी कड़े प्रबंध के साथ ही जवान बड़ी संख्या में मौजूद थे। प्रशासन के लोग ही अस्थाई बने कुड़ में गणपति को लेकर अंदर विसर्जन करने जा रहे थे। वहीं नगर निगम द्वारा लोगों की सुविधा के लिए शहर में जगह जगह विसर्जन कैंप लगाए और चलित जलाशय भी शहर में बनाए गए है।शहर के एक दर्जन पॉइंट पर टंकियों में गंगाजल और पानी भरकर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। वहीं नगर निगम ने विभिन्न चौराहों पर कैम्प लगाकर गणेश प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था की। नगर निगम ने बारदरी चौराहा, फूलबाग चौराहा, हजीरा, कटोरा ताल, महाराज बाड़ा, शिंदे की छावनी गणेश मंदिर गणेश विसर्जन कैम्प लगाए। यहां नगर निगम के कर्मचारी तैनात रहे जो भक्तों द्वारा दी जा रही गणेश प्रतिमाओं को इकट्ठा कर जल में विसर्जित कर रहे थे।
