मोदी से मिले जर्मनी के विदेश मंत्री, यूक्रेन में युद्धविराम की भारत की अपील का किया समर्थन

नयी दिल्ली, 03 सितंबर (वार्ता) जर्मनी के विदेश मंत्री योहान वाडेफुल ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और यूक्रेन में युद्धविराम के भारत से प्रयासों की सराहना की।

मुलाकात के बाद श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की काफी संभावना है।

श्री वाडेफुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि दुनिया में भारत की बातों को तवज्जो दिया जाता है और यूक्रेन में शांति स्थापना की दिशा में काम के सिलसिले में उसका प्रभाव है।

उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ आज अच्छी बातचीत हुई। दोनों देशों (भारत और जर्मनी) ने सभी क्षेत्रों में हमारी रणनीतिक साझेदारी के विस्तार के लिए कदम उठाये हैं, खासकर सुरक्षा एवं रक्षा, अर्थव्यवस्था और व्यापार, तथा कुशल श्रम। हम यूक्रेन में युद्धविराम की भारत की अपील की भी सराहना करते हैं।”

श्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि जीवंत लोकतंत्र और बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के रूप में भारत और जर्मनी के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने जर्मनी के चांसलर को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।

उन्होंने कहा, “जर्मन विदेश मंत्री योहान वाडेफुल से मिलकर प्रसन्नता हुई। भारत और जर्मनी अपनी रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। जीवंत लोकतंत्रों और अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं के रूप में हम व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्थिरता, विनिर्माण और गतिशीलता में पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को बढ़ाने की अपार संभावनाएं देखते हैं। हम एक बहुध्रुवीय विश्व, शांति और संयुक्त राष्ट्र सुधारों के लिए एक समान दृष्टिकोण रखते हैं। मैंने जर्मन चांसलर को शीघ्र भारत आगमन का निमंत्रण दोहराया।”

इससे पहले श्री वाडेफुल ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ भी मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने दोनों देशों को स्वाभाविक सहयोगी बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “हम एक ही टीम में हैं और सभी क्षेत्रों में हमारी सहभागिता को मजबूत करना चाहते हैं।”

उन्होंने कहा कि दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार और सहयोग को बढ़ावा देने के इच्छुक हैं – चाहे वह कुशल श्रमिकों की बात हो या प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष की, जब दोनों देश मिलकर काम करेंगे तो हमेशा सफल होंगे।”

 

 

Next Post

वात्सल्य में विसर्जन के साथ हुआ गणेशोत्सव का समापन

Wed Sep 3 , 2025
विदिशा। बुधवार को वात्सल्य विद्यालय में आयोजित किये गये गणपति उत्सव का भव्य चल समारोह डोल ग्यारस के दिन पूरे हर्षोल्लास से कॉलेज/स्कूल के छात्रों के ढोल-नगाड़ों व बैंड धुन, वरेधी नृत्य के साथ निकला। इस अवसर पर वात्सल्य गणपति चल समारोह में ऑपरेशन सिंदूर की झलक भी देखने को […]

You May Like