त्योहारी मौसम में 22 विशेष उड़ानें शुरू करेगी स्पाइसजेट

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट त्योहारों के मौके पर बढ़ी मांग का लाभ उठाने के लिए आगामी 10 अक्टूबर से 22 विशेष उड़ानें शुरू करेगी। एयरलाइंस ने शुक्रवार को बताया कि ये सभी उड़ानें कोलकाता के लिए या कोलकाता से होंगी। ये उड़ानें पश्चिम बंगाल की राजधानी को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, बागडोगरा और पोर्ट ब्लेयर से जोड़ेंगी। बागडोगरा से दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता के लिए विशेष उड़ानें उपलब्ध होंगी। इससे त्योहारों के दौरान उत्तर बंगाल के यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिल सकेंगे।

स्पाइसजेट ने कोलकाता के रास्ते मुंबई और पोर्ट ब्लेयर के बीच हवाई संपर्क प्रदान करने की भी घोषणा की है। इसके लिए यात्रियों को विमान बदलने की जरूरत नहीं होगी। स्पाइसजेट के मुख्य कारोबारी अधिकारी देबोजो महर्षि ने कहा, “दुर्गा पूजा कोलकाता के लिए साल के सबसे अहम समय में से है। उस मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के पास जाते हैं। हम यात्रियों को अधिक विकल्प देने और त्योहारों के मौसम में कोलकाता तथा बागडोगरा की यात्रा को आसान बनाने के लिए 22 विशेष उड़ानें जोड़ रहे हैं।”

वित्तीय संकट से जूझ रही स्पाइसजेट ने आने वाले विंटर शेड्यूल के दौरान उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए इस महीने की शुरुआत में लीज पर 20 विमान (15 बोइंग और पांच एयरबस) लेने की घोषणा की थी। ये विमान अक्टूबर के मध्य से नवंबर के नवंबर के मध्य तक चरणबद्ध तरीके से बेड़े में शामिल होंगे। कंपनी का कहना है कि इससे विंटर शेड्यूल के दौरान उड़ानों की दैनिक संख्या लगभग 200 करने में मदद मिलेगी।

.....

Next Post

भोपाल में गणपति विसर्जन की धूम! घाटों पर सुरक्षा से ट्रैफिक तक खास इंतजाम

Fri Sep 25 , 2026
आज गणेश विसर्जन का दिन है ऐसे में भोपाल में गणपति विसर्जन को लेकर सभी घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चाहे वह प्रेमपुरा घाट हो… शाहपुरा घाट… 5नं या फिर खटलापुरा घाट। बड़ी प्रतिमाओं के लिए क्रेन, छोटी प्रतिमाओं के लिए अलग विसर्जन कुंड और घाटों पर […]

You May Like