ग्वालियर: ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रेसकोर्स रोड स्थित 38 नम्बर कार्यालय पर 354 हितग्रहियों को कामकाजी कार्ड, आयुष्मान कार्ड, विधवा पेंशन और राशन पात्रता पर्चियों का वितरण भी किया।कार्यक्रम में मौजूद आमजनों को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि आज ग्वालियर की तस्वीर और तकदीर बदल रही है। उपनगर ग्वालियर में सिविल अस्पताल हजीरा की आपने पहले स्थिति देखी थी और आज उसका बदला स्वरूप भी देख रहे हैं।
इसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में आपके शहर ने तरक्की की है। पटेल स्कूल पहले किस स्थिति में था और अब किस स्थिति में है। यह सब आपकी आंखों के सामने हैं। ऊर्जा मंत्री ने स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि हमें स्वच्छता के मामले में ग्वालियर को इंदौर बनना है। अपने घर को अपनी गली को स्वच्छ रखना, हमें अपनी आदत में शामिल करना होगा, तभी हम स्वच्छ ग्वालियर के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
