
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा की सदस्यों के शिष्टाचार एवं सम्मान अनुरक्षण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आज सभापति विजेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में समिति के सदस्य दिनेश राय मुनमुन और नरेंद्र प्रजापति विशेष रूप से सम्मिलित हुए। इस दौरान मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे, जिन्होंने विधायी प्रक्रियाओं और समिति के कार्यों में सहयोग प्रदान किया।
गौरतलब है कि यह समिति विधानसभा सदस्यों के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के उल्लंघन से संबंधित शिकायतों पर विचार करती है। बैठक में प्राप्त शिकायतों का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया, जिसके आधार पर समिति अपनी आगामी रिपोर्ट (प्रतिवेदन) सदन के समक्ष प्रस्तुत करेगी। इस समिति का मुख्य उत्तरदायित्व जनप्रतिनिधियों के गरिमामयी आचरण और उनके विशेष अधिकारों के सम्मान को सुनिश्चित करना है।
