सीधी :शासकीय कॉलेज खड्डी में प्रयोगशाला परिचायक के साथ अतिथि विद्वान द्वारा की गई अभद्रता मामले की शिकायत के बाद लीड कॉलेज सीधी द्वारा कमेटी का गठन किया गया था, बीते 10 जून को हुई इस घटना के 20 दिन बाद जांच करने दल खड्डी कॉलेज पहुंचा। हैरानी की बात यह रही कि जिसके खिलाफ अभद्रता की शिकायत रही वह टीम आने की सूचना के बाद गायब हो गए। हालांकि टीम ने एक प्रयोगशाला परिचायक सहित अतिथि विद्वानों का कथन दर्ज किया है।
बता दें कि बीते 10 जून को प्रयोगशाला परिचायक सुखसेन सुटिया से कॉलेज के ही अतिथ विद्वान डॉ.अजय सिंह गहरवार द्वारा अभद्रता की गई थी, जिसका वीडियो भी वॉयरल हुआ था। शिकायत करते हुए सुखसेन सुटिया ने बताया था कि डॉ.अजय सिंह गहरवार कॉलेज की ही महिला अतिथि विद्वान पुष्पा कुमारी यादव की गलत तरीके से ओएल लगवाना चाहते थे जबकि उनकी ओएल खत्म हो चुकी थी, जिसका विरोध सुखसेन सुटिया ने किया तो डॉ.अजय सिंह भड़क उठे और अभद्रता की गई और धमकाया गया।
इतना ही नहीं सुखसेन सुटिया ने जान को खतरा भी बताया था, पुलिस ने मामले में कोई कार्यवाही नहीं की और अब तक प्रकरण जांच में ही है, वहीं अब क्षेत्रीय संचालक द्वारा गठित दल जांच करने पहुंचा है। दल ने जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। जांच टीम में डॉ.गुलाम मोहइयुद्दीन संयोजक जांच समिति लीड कॉलेज, डॉ.उमेश कुमार सोनी, डॉ.राकेश प्रजापति सहित प्रभारी प्राचार्य डॉ. रामसुरेश भारती मौजूद रहे।
ऐन वक्त पर गायब हुए अतिथि विद्वान
बताया गया कि जांच दल आने की जानकारी पहले से ही सभी स्टॉफ को दे दी गई थी, जब प्राचार्य ने सभी को उपस्थित रहने के आदेश दिए तो जिस अतिथि विद्वान डॉ.अजय सिंह गहरवार के खिलाफ शिकायत थी उन्होंने कॉलेज न आ पाने की बात कहते हुए गायब हो गए और जांच दल के सामने नहीं प्रस्तुत हुए। अन्य स्टॉफ ने कहा कि पहले से कोई आवेदन उनके द्वारा नहीं दिया गया था कि वह अवकाश पर रहेंगे लेकिन जब प्राचार्य ने सभी को उपस्थित रहने के आदेश दिए तो उन्होंने कहा कि वह कॉलेज नहीं आ पाएंगे। हालांकि टीम ने उनको अपना कथन प्रस्तुत करने के लिए आदेशित किया है।
वसूली के हुए आदेश
इधर खड्डी कॉलेज में बड़ा फर्जीवाड़ा सार्थक हाजिरी का भी सामने आया है, मामले में संचालनालय स्तर से एक अतिथि विद्वान अभिनंदन पांडेय की सेवा भी समाप्त कर दी गई। अब उनसे वसूली का आदेश हुआ है। आदेश में सामने आया कि यह फर्जीवाड़ा अतिथि विद्वान द्वारा अप्रैल माह से किया जा रहा था, अप्रैल में 4 दिन, मई में 3 दिन व जून में 11 दिन की हाजिरी गलत तरीके से लगाई गई। अब इन दिनों के वेतन भुगतान की वसूली के आदेश दिए गए है। पूर्व कांग्रेस प्रदेश सचिव रामप्रकाश तिवारी डैडू ने शिकायत करते हुए डॉ.अजय सिंह गहरवार, प्रिंस मिश्रा, डॉ.श्रीकांत द्विवेदी व अभिनंदन पांडेय के सार्थक में छेड़छाड़ कर हाजिरी लगाने की शिकायत की थी, अन्य की जांच अभी चल रही है।
इनका कहना है
जांच करने टीम गई थी, सभी के कथन लिए गए है, जिनके खिलाफ शिकायत है वह अनुपस्थित थे, उनके कथन नहीं हुए हैं। रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट दी जाएगी।
डॉ.गुलाम मोहइयुद्दीन, संयोजक जांच समिति लीड कॉलेज।
