रानी मुखर्जी ने साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता बढ़ाई

मुंबई, 03 अक्टूबर (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने शुक्रवार को राज्य पुलिस मुख्यालय में आयोजित साइबर अवेयरनेस मंथ 2025 के उद्घाटन समारोह में शिरकत की।

महिला-प्रधान फ्रैंचाइज़ी फिल्म मर्दानी में जाँबाज़ पुलिस अधिकारी का किरदार निभाने वाली रानी मुखर्जी, हमेशा भारतीय पुलिस बल और समाज की सुरक्षा के लिए उनके योगदान की समर्थक रही हैं।आज रानी मुखर्जी ने इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला, बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार समेत कई गणमान्य अतिथियों के साथ भाग लिया।

रानी मुखर्जी ने इस मौके पर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते साइबर अपराधों पर जागरूकता बढ़ाई और महाराष्ट्र पुलिस की साइबर सेल की सराहना की।

रानी मुखर्जी ने कहा, “मैं साइबर अवेयरनेस मंथ के उद्घाटन का हिस्सा बनकर वास्तव में सम्मानित और गौरवान्वित महसूस कर रही हूँ। सालों से, अपनी फिल्मों के माध्यम से, मुझे ऐसे किरदार निभाने का सौभाग्य मिला है जो अन्याय के खिलाफ लड़ते हैं और कमजोरों की रक्षा करते हैं। वास्तव में, आज मैं मर्दानी 3 की शूटिंग से सीधे यहाँ पहुँची हूँ, तो यह सब बहुत ही अलौकिक लगता है। महाराष्ट्र पुलिस की यह पहल प्रशंसनीय है।”

रानी मुखर्जी ने कहा “आज, साइबर अपराध खासकर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हमारे घरों के भीतर चुपचाप बढ़ रहे हैं। एक महिला और एक माँ होने के नाते, मैं समझती हूँ कि जागरूकता कितनी महत्वपूर्ण है। जब परिवार जानते हैं कि सुरक्षित कैसे रहना है और मदद कहाँ लेनी है, तभी असली सुरक्षा शुरू होती है।” उन्होंने कहा,“डायल 1930 और डायल 1945 हेल्पलाइन सभी नागरिकों के लिए एक वरदान हैं। एक कलाकार के तौर पर, मैं स्क्रीन पर कहानियों को जिंदा करती हूँ, लेकिन एक महिला, माँ और नागरिक के रूप में, मुझे लगता है कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि कोई बच्चा चुपचाप न रोए, कोई महिला असुरक्षित महसूस न करे और कोई परिवार साइबर अपराध की वजह से अपनी शांति न खोए।आइए आज हम संकल्प लें कि सतर्क रहेंगे, आवाज़ उठायेंगे और एक सुरक्षित डिजिटल दुनिया के लिए एकजुट होकर खड़े होंगे।”

रानी मुखर्जी अब अपनी अगली फिल्म मर्दानी 3 में दिखाई देंगी, जो 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी है और इसका निर्देशन अभिराज मीनावाला कर रहे हैं।

 

Next Post

नवी मुंबई हवाई अड्डे का नाम लोकनेते डी.बी. पाटिल के नाम पर रखा जाएगा: मुख्यमंत्री

Sat Oct 4 , 2025
मुंबई, (वार्ता) बहुप्रतीक्षित नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम दिवंगत पाँच बार विधायक रहे दिनकर बालू पाटिल ( जिन्हें डी.बी. पाटिल के नाम से भी जाना जाता है) के नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज इसकी घोषणा की और बताया कि केंद्र सरकार ने नामकरण प्रस्ताव […]

You May Like

Play sound