
इटारसी।शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी में हिंदी विभाग और भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में गोस्वामी तुलसीदास की जयंती श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत तुलसीदास के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता सहित डॉ. अरविंद शर्मा, डॉ. रश्मि तिवारी, डॉ. ओपी शर्मा, श्रीमती सुशीला वरवड़े व डॉ. मनीष चौरे ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने तुलसीदास के जीवनवृत्त पर प्रकाश डालते हुए रामचरितमानस के दोहे, चौपाई का सस्वर पाठ किया। प्राचार्य डॉ. मेहता ने रामचरितमानस को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताते हुए इसके छंदों दोहा, चौपाई, सोरठा, छप्पय की साहित्यिक विशेषताओं को सरलता से समझाया। अंत में उन्होंने मानस की धार्मिक ही नहीं, सामाजिक प्रासंगिकता को भी रेखांकित किया।
