दतिया: पंडोखर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता अपने ही जीजा के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। यह घटना रात की है, जब जीजा घर पर मेहमान बनकर आया हुआ था। महिला के पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पत्नी के जीजा के साथ चले जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शाम को उसका जीजा ऋषिकुमार केवट उनके घर आया था। ऋषिकुमार मूल रूप से झांसी जिले के ग्राम अठौदना का रहने वाला है। रात में पूरे परिवार ने एक साथ बैठकर भोजन किया था। खाना खाने के बाद पति और जीजा घर के बाहर सो गए। वहीं, उसकी पत्नी और बेटा पियूष अंदर कमरे में सोने चले गए। सब कुछ सामान्य था और किसी को इस घटना का अंदेशा नहीं था।
पति के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे जब उसकी अचानक नींद खुली तो उसने देखा कि जीजा अपनी चारपाई पर मौजूद नहीं था। घर का मुख्य गेट भी खुला हुआ था। पति ने अंदर जाकर देखा तो बेटा पियूष सो रहा था, लेकिन पत्नी भी कमरे से गायब थी। इसके बाद उसने रात में ही आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की। उसने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी दोनों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पति ने पुलिस को जानकारी दी है कि उसकी पत्नी और जीजा के बीच मोबाइल फोन पर अक्सर बातचीत होती रहती थी। महिला घर से अपना मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई है, जिससे पति को पूरा शक है कि दोनों साथ में ही कहीं गए हैं।
