भारी जल प्रपात से उत्तराखंड की नदियां खतरे के निशान पर, बारिश जारी

देहरादून 06 अगस्त (वार्ता) उत्तराखंड राज्य में लगातार हो रहे जल प्रपात (भारी बारिश) से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। नदियों में लगातार पानी बढ़ने से बाढ़ के हालात उत्पन्न हो गए हैं। सभी नदियां खतरे के निशान पर अथवा उससे ऊपर बह रही हैं। अधिकांश स्थानों पर गुरुवार सुबह से ही मध्यम से भारी बारिश हो रही है। बदरीनाथ मार्ग भी बन्द हो गया है।

आज सुबह राज्य आपदा प्रबन्धन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, जनपद चमोली अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग बदरीनाथ हेलग के पास में मलवा आने से अवरूद्व हो गया है। टिहरी गढ़वाल जनपद अन्तर्गत देवप्रयाग में भागीरथी नदी का जल स्तर आज प्रात: 06:00 बजे 462.00 मी. है, जो बढ़ रहा है जो चेतावनी के स्तर से समान बह रहा है। जनपद रुद्रप्रयाग में वर्तमान में अत्यधिक वर्षा के कारण नदियों का जल स्तर समय प्रातः 07:00 बजे अलकनन्दा नदी का जल स्तर 627.70 मीटर एवं मन्दाकिनी नदी का जल स्तर 626.20 मीटर पर बह रही है। अलकनन्दा नदी का वार्निंग लेबल 626.00 एवं डेंजर लेबल 627.00 मीटर तथा मन्दाकिनी नदी का वार्निंग लेबल 625.00 तथा डेंजर लेबल 626.00 मीटर है। वर्तमान में अलकनन्दा नदी एवं मन्दाकिनी नदी का जलस्तर डेंजर लेबल से अधिक है। अतः मौसम विभाग की चेतावनी एवं वर्तमान में जनपद अन्तर्गत दोनों नदियों के जल स्तर में वृद्धि होने के मध्यनजर अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत उच्च सतर्कता बनाये रखने तथा नदी के किनारे रहने वाले आम जनमानस की सुरक्षा तथा आम जनमानस को सुरक्षित स्थान पर जाने एवं सर्तक रहने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से चेतावनी देते हुए किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा से निपटने को तैयारी का उच्चतम स्तर बनाये रखने की चेतावनी जारी की गई है।

इसके अलावा, रायसी (बाणगंगा) स्थल, हरिद्वार उत्तराखंड का जल स्तर प्रात: 06:00 बजे 230.09 मी. है, जो बढ़ रहा है एवं चेतावनी के स्तर से 0.09 मी. ऊपर बह रहा है। देहरादून जनपद मे चकराता में बारिश है।विकासनगर में बादल जबकि कालसी, ऋषिकेश, डोईवाला, और मसूरी में बारिश हो रही है। जबकि त्यूनी क्षेत्र में फिलहाल बादल होने की सूचना है।

उत्तरकाशी जनपद अंतर्गत, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग धरासू नालू पानी के पास मार्ग बाधित होने की सूचना है। जबकि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सिलाई बैन्ड, दुर्बिल, जंगल चट्टी, स्याना चट्टी के पास लगातार पत्थर व मालवा आने के कारण मार्ग बाधित है।

 

Next Post

छत्तीसगढ़ में भालू का आतंक: कांकेर में दो ग्रामीणों की मौत, धमतरी में दो घायल

Thu Aug 6 , 2026
रायपुर, 06 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ में भालू के हमलों की दो अलग-अलग घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में दहशत फैला दी। एक तरफ जहां कांकेर जिले में भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं धमतरी जिले में जंगल […]

You May Like