ईरान का पलटवार: अमेरिकी राष्ट्रपति के दावों को किया खारिज

तेहरान/ वॉशिंगटन, 25 फरवरी (वार्ता) ईरान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें तेहरान के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल शक्ति को लेकर गंभीर आरोप लगाये गये थे। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने वाशिंगटन के बयानों को ‘एक के बाद एक बोला गया झूठ’ करार दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री बघाई ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइलों और हालिया नागरिक अशांति में हताहतों की संख्या को लेकर अमेरिका जो कुछ भी कह रहा है, वह पूरी तरह मनगढ़ंत और ‘बड़े झूठ’ का दोहराव है। उन्होंने अमेरिका पर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया।

इससे पहले श्री ट्रंप ने कांग्रेस (संसद) में दिये एक भाषण में दोहराया कि वह ईरान के मुद्दे पर ‘सभी विकल्प’ खुले रख रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कूटनीति विफल रहती है, तो वह ‘सीमित युद्ध’ से भी पीछे नहीं हटेंगे। श्री ट्रंप ने कहा, “ हमारी नीति का मुख्य स्तंभ यह है कि हम ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे।” इस भाषण में श्री ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने ऐसी मिसाइलें विकसित कर ली हैं जो यूरोप और विदेशी अमेरिकी ठिकानों के लिए खतरा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अब ऐसी मिसाइलों पर काम कर रहा है, जो जल्द ही अमेरिका तक पहुंचने में सक्षम होंगी। अमेरिका के राष्ट्रपति ने याद दिलाया कि पिछले साल जून में अमेरिकी हवाई हमलों ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह नष्ट कर दिया था। श्री ट्रंप का कहना है कि ईरान को चेतावनी दी गयी थी कि वह अपने कार्यक्रम दोहराये नहीं, लेकिन वह अपनी ‘बड़ी महत्वाकांक्षाओं’ के साथ इसे फिर से शुरू कर रहा है।

Next Post

श्रीलंका ने 2019 ईस्टर संडे बम धमाकों के मामले में पूर्व खुफिया प्रमुख को गिरफ्तार किया

Wed Feb 25 , 2026
कोलंबो, 25 फरवरी (वार्ता) श्रीलंका के आपराधिक जांचकर्ताओं ने 2019 के ईस्टर संडे बम धमाकों के संबंध में देश के पूर्व खुफिया प्रमुख को गिरफ्तार किया है। इन धमाकों में 45 विदेशियों सहित 279 लोग मारे गये थे। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि सेवानिवृत्त मेजर […]

You May Like