जबलपुर: रेलवे पुलिस जबलपुर द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरी के दो मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार प्रकरण अपराध धारा 305(सी) बीएनएस में प्राप्त सीडीआर के आधार पर आरोपी विपिन कुमार बढई पिता प्रेमलाल बढई उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम मोहन टोला, विजयराघवगढ़, थाना कैमोर, कटनी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन 16,500 रुपये बरामद किया गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने उक्त मोबाइल ग्राम निवासी रवि तिवारी उर्फ राका से 1,000 रुपये में खरीदना बताया था।बता दें कि मुख्य आरोपी रवि तिवारी उर्फ राका पिता रामकुमार तिवारी उम्र 33 वर्ष निवासी भूमकेश्वर धाम, कलहरा नन्हारा कला, थाना कैमोर, कटनी की लगातार तलाश की जा रही थी। तलाशी के दौरान 16 जून को आरोपी को रेलवे स्टेशन मदनमहल से दस्तयाब किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी द्वारा मोबाइल विक्रय से प्राप्त 1,000 रुपये में से शेष बची 500 रुपये की राशि प्रस्तुत की गई, जिसे विधिवत ई-साक्ष्य एप्लीकेशन के माध्यम से जप्त किया गया।
चोरी करना किया स्वीकार
पूछताछ के दौरान आरोपी से अन्य अपराधों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई। आरोपी ने लगभग 3-4 माह पूर्व इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक यात्री का रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन चोरी करना स्वीकार किया बरामद मोबाइल रेडमी कंपनी का होकर उसकी अनुमानित कीमत 9,000 रुपये पाई गई। इसी प्रकार जीआरपी जबलपुर द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी के दो मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा कर कुल 25,500 रुपये मूल्य के चोरी गए मोबाइल फोन एवं 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
