सतना: नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में 6 श्रद्धालु घायल हो गए। मां शारदा देवी मंदिर दर्शन करने जा रही एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार का पहिया फटने से वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। यह घटना नादन टोला के पास कटिया खुर्द क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु रीवा से मैहर स्थित माँ शारदा देवी मंदिर में बच्चे का मुंडन और दर्शन करने आ रहे थे।
इसी दौरान अचानक कार का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। जिसमें सियामती पटेल 15 वर्ष, चालक संदीप पटेल 45 वर्ष, उर्मिला पटेल 65 वर्ष और कल्पना पटेल 40 वर्ष सहित कुल छह लोग घायल हो गये। दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
