नई दिल्ली, राजधानी नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 17 अगस्त से शुरू होने जा रही BWF बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) ने एक अनोखा कदम उठाया है। इसी साल जनवरी में इंडिया ओपन के दौरान हुई परेशानियों को ध्यान में रखते हुए इस बार स्टेडियम से बंदरों को दूर रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
लंगूर की आवाज निकालने वाले विशेषज्ञों की तैनाती
स्टेडियम परिसर से बंदरों को सुरक्षित तरीके से दूर रखने के लिए तीन पेशेवर ‘मंकी विस्परर्स’ को बुलाया गया है, जो बिल्कुल लंगूर की तरह आवाज निकालकर बंदरों को भगाते हैं। इस पुश्तैनी कला के जरिए बंदरों को बिना कोई नुकसान पहुंचाए उनसे मुकाबला किया जाता है, ताकि खेल के दौरान कोई बाधा उत्पन्न न हो।
पीवी सिंधु ने की आयोजकों की सराहना
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने इस अनोखे समाधान की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि भले ही यह तरीका अजीब लगे, लेकिन यह इस बात को दर्शाता है कि भारत इस वैश्विक आयोजन को सफल बनाने के लिए कितनी मेहनत कर रहा है।

