कटनी: खिरहनी ब्रिज से दुबे कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित एक केमिस्ट (दवाई) की दुकान में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई। आगजनी की इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राथमिक रूप से आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पड़ोसियों और राहगीरों ने दिखाई तत्परता
जानकारी के अनुसार, सुबह जब दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखीं, तो पड़ोसियों और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना दुकानदार को दी। दमकल के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने सक्रियता दिखाई और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि आग की सूचना समय पर मिल गई और लोगों की मदद से उसे बुझा लिया गया, वरना घनी आबादी और दवाइयों के स्टॉक के कारण आग विकराल रूप ले सकती थी। हालांकि, इस घटना में दुकान के भीतर रखे कुछ फर्नीचर और दवाइयों के नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। दुकानदार घटना स्थल पर पहुँच कर हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
