गौतमबुद्धनगर, (वार्ता) उत्तर प्रदेश सरकार की निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गयी है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि पात्र दिव्यांगजन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, दृष्टिबाधितों के लिए सेंसर स्टिक, स्मार्ट फोन, टैबलेट, कैलीपर्स, कृत्रिम हाथ तथा कृत्रिम पैर उपलब्ध कराये जायेंगे।
आवेदन के लिए दिव्यांगता दर्शाता पासपोर्ट आकार का रंगीन फोटो, आयु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा संबंधित उपकरण के लिए चिकित्साधिकारी की संस्तुति अपलोड करनी होगी।
उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के आवेदकों की वार्षिक आय 56,460 रुपये तथा ग्रामीण क्षेत्र के आवेदकों की आय 46,080 रुपये तक होनी चाहिये। पात्रता की शर्तें पूरी करने वाले दिव्यांगजन योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
योजना से संबंधित जानकारी के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, सूरजपुर से संपर्क किया जा सकता है।
