नयी दिल्ली, (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक निजी झींगा प्रसंस्करण इकाई में अमोनिया गैस रिसाव से दो महिलाओं की मौत और कई श्रमिकों के बीमार पड़ने की घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार घटना के समय कर्मचारी पास के एक कमरे में आराम कर रहे थे। यदि रिपोर्ट में वर्णित तथ्य सही हैं तो यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है।
आयोग ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। रिपोर्ट में प्रभावित श्रमिकों की स्वास्थ्य स्थिति तथा मृतकों के परिजनों को दी गई राहत राशि का ब्योरा भी शामिल करने को कहा गया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार घटना के बाद 59 श्रमिकों को चेन्नई और तिरुवल्लूर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है।
