सतना : जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाई जा रही जिला बदर की कार्रवाई का उल्लंघन करने वाले एक आदतन अपराधी को सिटी कोतवाली पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।जानकारी के अनुसार, सोमवार को सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रावेन्द्र द्विवेदी को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर का आरोपी कल्लू उर्फ अभिषेक जैसवाल (32 वर्ष) निवासी बजरहा टोला,आदेश का उल्लंघन कर अपने घर के आसपास घूम रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल बजरहा टोला में घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को हुलिए से मिलता-जुलता एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया,जिसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम कल्लू उर्फ अभिषेक जैसवाल ही बताया।
थाने के रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि आरोपी कल्लू के खिलाफ पूर्व में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.इसी आपराधिक रिकॉर्ड के मद्देनजर जिला दंडाधिकारी द्वारा 29 जुलाई 2025 को एक आदेश जारी कर आरोपी को एक वर्ष की अवधि के लिए सतना जिला सहित उसकी राजस्व सीमा से लगे पन्ना, रीवा और मैहर जिलों की सीमाओं से बाहर रहने का निष्कासन आदेश दिया गया था। इस आदेश की तामीली भी आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा कर कराई गई थी।
प्रतिबंध के बावजूद आरोपी बिना किसी अनुमति के सतना की सीमा में प्रवेश कर घूम रहा था.आदेश का स्पष्ट उल्लंघन करने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ म.प्र.राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14 के तहत मामला पंजीकृत कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से आदेश पर उसे केंद्रीय जेल सतना भेज दिया गया
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रावेन्द्र द्विवेदी के मार्गदर्शन में प्रधान आरक्षक राहुल सिंह (414), प्रधान आरक्षक सतेन्द्र सिंह (28), आरक्षक अजीत सिंह (381) और आरक्षक सुभाष पटेल (183) शामिल रहे
