
अनूपपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने क्षेत्रीय यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए अनूपपुर जिले के तीन स्टेशनों पर तीन जोड़ी महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव स्वीकृत किया है। इस फैसले से न केवल स्थानीय यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़े शहरों तक पहुंच भी आसान होगी।
नई व्यवस्था के तहत सांतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस का अनूपपुर स्टेशन पर ठहराव होगा। गाड़ी संख्या 22170 सुबह 9:53 बजे पहुंचकर 9:55 बजे रवाना होगी, जबकि 22169 हमसफर एक्सप्रेस 5 मार्च से रात 12:31 बजे पहुंचकर 12:33 बजे प्रस्थान करेगी।
इसी तरह निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस का कोतमा स्टेशन पर स्टॉपेज तय किया गया है। 22408 एक्सप्रेस 4 मार्च से दोपहर 2:56 बजे पहुंचेगी और 2:58 बजे रवाना होगी। वहीं 22407 अम्बिकापुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस 5 मार्च से सुबह 9:46 बजे पहुंचकर 9:48 बजे प्रस्थान करेगी।
इसके अलावा उत्कल एक्सप्रेस का वेंकटनगर स्टेशन पर ठहराव क्षेत्र के यात्रियों के लिए खास महत्व रखता है, जिससे उत्तर भारत और पूर्वी तट के बीच आवागमन और सुगम होगा।
रेलवे के इस निर्णय को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यात्रियों ने इसे सुविधाजनक और समय की बचत वाला निर्णय बताते हुए स्वागत किया है। माना जा रहा है कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
