जबलपुर:राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार जिले में कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षा में शनिवार को परीक्षा के द्वितीय दिवस दोनों कक्षाओं का गणित विषय का पेपर हुआ। जानकारी के अनुसार यह परीक्षा जिले के 63 जन शिक्षा केंद्रों के अंतर्गत 315 परीक्षा केंद्र पर आयोजित हुई। जिसमें 2485 शासकीय एवं मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों तथा डाइस कोड प्राप्त मदरसों के विद्यार्थियों सहित कक्षा 5वीं के 34,128 और कक्षा 8वीं के 31,005 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, इस प्रकार कुल 65,133 विद्यार्थियों ने वार्षिक परीक्षा दी।
परीक्षा के दौरान जिला शिक्षा केंद्र से डीपीसी योगेश शर्मा, एपीसी राजेश तिवारी और बीएसी अजय रजक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन करते पाए गए। इसके साथ ही दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के तहत विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय तथा लेखक की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे सभी विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सके।
बारहवीं में 73 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा में शनिवार को बारहवीं कक्षा में कृषि होमसाइंस एकाउंटेंसी का पेपर हुआ। सहायक संचालक आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार यह परीक्षा जिले के कुल 75 केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसमें 5414 विद्यार्थी शामिल होने वाले थे, लेकिन 5341 विद्यार्थियों ने ही परीक्षा दी, जबकि 73 विद्यार्थी अनुपस्थित थे। इस परीक्षा में भी कोई नकल प्रकरण सामने नहीं आया।
