
जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बाइक सवार दो लुटेरों ने एक बुजुर्ग महिला के गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार त्रिमूर्ति नगर गोहलपुर निवासी 67 वर्षीय अलका चौधरी जैन अपनी समधिन सुधा जैन के साथ विजय नगर से ई-रिक्शा में सवार होकर संजीवनी नगर आई थीं। वे यहां अपने रिश्तेदार डॉ. मनोज जैन के घर जा रही थीं। सुबह करीब 9:50 बजे अलका जैन जैसे ही डॉक्टर के घर के सामने ई-रिक्शा से उतरीं, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक जिसने कत्थई रंग की टी-शर्ट पहनी थी ने तेजी से महिला के गले पर झपट्टा मारा। महिला ने दिलेरी दिखाते हुए अपनी चेन बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन्हें जोर से धक्का दिया और सोने की चेन लेकर मोटरसाइकिल पर अपने साथी हरे रंग की टी-शर्ट पहने हुए के साथ रफूचक्कर हो गया। इस छीना-झपटी और हमले में बुजुर्ग महिला के गले के दाहिने हिस्से में चोट आई है। लूटी गई चेन का वजन करीब 15 ग्राम बताया जा रहा है। पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि लुटेरों तक पहुंचा जा सके।
