जबलपुर: अंतिम प्रकाशन में बढ़ी मतदाताओं की संख्या जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 17 लाख 26 हजार 619 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जो ड्राफ्ट प्रकाशन की तुलना में 49 हजार 710 अधिक हैं।
जिले में कुल मतदाताओं में 8 लाख 81 हजार 191 पुरुष, 8 लाख 45 हजार 362 महिला तथा 66 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। अंतिम सूची में 85 वर्ष से अधिक आयु के 5,894 वरिष्ठ मतदाता, 19,262 दिव्यांग मतदाता तथा 1,773 सर्विस वोटर शामिल हैं। जिले में कुल 2 हजार 321 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और ईपी रेशियो 61.12 दर्ज किया गया है।इस अवसर पर आयोजित स्टेंडिंग कमेटी की बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को मतदाता सूची की प्रतियां औपचारिक रूप से सौंप दीं। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति परस्ते सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभावार महिला-पुरुष, सर्विस वोटर, वरिष्ठ एवं दिव्यांग मतदाताओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इन विधानसभा में इतने मतदाता
विधानसभा क्षेत्र पाटन में 2,45,674, बरगी में 2,31,696, जबलपुर पूर्व में 2,09,779, जबलपुर उत्तर में 2,01,514, जबलपुर केंट में 1,60,211, जबलपुर पश्चिम में 2,05,252, पनागर में 2,53,314 तथा सिहोरा में 2,19,179 मतदाता दर्ज हैं।
ड्राफ्ट सूची से अंतिम प्रकाशन तक का अंतर
23 दिसंबर 2025 को जारी ड्राफ्ट प्रकाशन में जिले में 16 लाख 76 हजार 909 मतदाता थे, जबकि 21 फरवरी 2026 को अंतिम प्रकाशन में यह संख्या बढ़कर 17 लाख 26 हजार 619 हो गई। इस प्रकार कुल 49 हजार 710 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।
