जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत महाराजपुर कमानिया गेट के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चलती गाड़ी से एक महिला के कान पर झपट्टा मारकर सोने की झुमकी छीन ली। इस दौरान महिला का दाहिना कान बीच से फट गया और वह लहूलुहान हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संजय नगर गणेश चौक, अधारताल निवासी आरती रजक 28 वर्षीय अपने पति शैलेंद्र रजक के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गौरा हरदुआ गई थीं।
वे वहां एक पारिवारिक बरसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही दंपती की मोटरसाइकिल महाराजपुर कमानिया गेट के पास पहुंची, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर दो अज्ञात लड़के आए। बदमाशों ने अपनी गाड़ी आरती की मोटरसाइकिल के बिल्कुल नजदीक सटा दी। इससे पहले कि दंपती कुछ समझ पाते, पीछे बैठे बदमाश ने बलपूर्वक आरती के कान में पहनी सोने की झुमकी पर हाथ मारा।
बदमाश इतनी तेजी से झुमकी खींचकर भागे कि आरती का दाहिना कान बुरी तरह फट गया। पीड़िता दर्द से चीख उठी और मौके पर ही खून बहने लगा। छीनी गई सोने की झुमकी की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी पलक झपकते ही कमानिया गेट की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हुलिए के आधार पर लुटेरों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।
