सतना: जिले के मझगवां थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम पंचायत पिंडरा के खंतार यादव बस्ती से बुधवार की शाम एक 9 वर्षीय लापता हो गया था। जिसकी तलाश के लिए अगले दिन पुलिस, क्यू आर एफ, एस डी आर एफ, डॉग स्क्वाड और वन अमले द्वारा संयुक्त तौर पर सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। लेकिन लोगों की सारी उम्मीदें उस वक्त टूटती नजर आईं जब जंगल में क्षत विक्षत शव पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नितिन यादव पिता लल्लू यादव नम्र 9 वर्ष बुधवार को स्कूल से लौटने के बाद घर के बाहर लगे हैंडपंप पर हाथ-मुंह धोने गया था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर ग्रामीणों के साथ खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चित्रकूट एसडीओपी राजेश सिंह बंजारे और मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया।गुरुवार सुबह से वन विभाग के कर्मचारियों के साथ घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस ने साइबर सेल, डॉग स्क्वायड, एसडीआरएफ और क्यूआरएफ की टीमों को भी लगाया गया। जंगल, खेत, जलस्रोत और आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की गई। स्थानीय लोगों से भी बालक के संबंध में पूछताछ की गई।
घर से काफी दूर जंगल में मिला शव
सघन सर्चिंग अभियान गुरुवार की शाम उस वक्त रोक दिया गया जब गुम हुए मासूम का शव घर से काफी दूर घने जंगल में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस यह देखकर हैरान रह गई कि बालक का शव क्षत विक्षत हो चुका था। जिसे देखते हुए मझगवां पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से मुआयना शुरू कर दिया गया। पुलिस द्वारा इस संबंध में फिलहाल कुछ भी कहने से इंकार किया जा रहा है। वहीं पुलिस का यह भी कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। जबकि ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में तरह तरह की जानकारी दी जा रही है। इस घटना की जानकारी सामने आते ही मासूम के घर मे परिजनों के बीच चीख पुकार मच गई।
