सिनेमाघरों में आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ का सफर अब लगभग खत्म होता नजर आ रहा है। फिल्म रिलीजिंग के 14वें दिन बाद अल्फा की कमाई में लगाता गिरावट देखने को मिल रही है।
बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों का मिजाज कब बदल जाए, यह कहना बेहद मुश्किल है। आलिया भट्ट की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए अब पूरे 2 हफ्ते का समय बीत चुका है। शुरुआती दिनों में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद, दूसरे हफ्ते में इस फिल्म की कमाई में एक बहुत बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
कामकाजी दिनों में फिल्म का कलेक्शन इस कदर गिरा है कि अब इसकी रोज की कमाई महज कुछ लाख रुपयों में सिमट कर रह गई है। गुरुवार को यानी अपनी रिलीज के 14वें दिन इस फिल्म ने घरेलू बाजार में केवल 60 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इस सुस्त रफ्तार को देखकर ऐसा लग रहा है कि फिल्म बहुत जल्द सिनेमाघरों से विदा ले सकती है।
बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ के आंकड़े से चूकी फिल्म
अगर हम आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत में ‘अल्फा’ का कुल ग्रॉस कलेक्शन अब तक 67.19 करोड़ रुपये रहा है। वहीं इसका कुल नेट कलेक्शन 56.40 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाया है। घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी फिल्म को कोई खास रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है।
14वें दिन विदेशों से ‘अल्फा’ ने महज 25 लाख रुपये की कमाई की है, जिससे इसका कुल ओवरसीज बिजनेस 27.25 करोड़ रुपये हो गया है। इस तरह दुनिया भर से फिल्म ने अब तक कुल 94.44 करोड़ रुपये बटोरे हैं, जो इसके भारी-भरकम बजट को देखते हुए काफी कम माने जा रहे हैं।
21वें दिन भी थियेटर्स में डटी रही अक्षय की फौज
वहीं दूसरी तरफ, अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए है। इस फिल्म ने थियेटर्स में अपने शानदार 21 दिन पूरे कर लिए हैं। हालांकि, रिलीज के पहले 2 हफ्तों के मुकाबले अब इस फिल्म की रफ्तार भी धीरे-धीरे धीमी पड़ने लगी है।
इसके बावजूद, यह फिल्म आलिया भट्ट की फिल्म ‘अल्फा’ के मुकाबले बेहतर स्थिति में नजर आ रही है। अपने तीसरे हफ्ते के गुरुवार को इस कॉमेडी ड्रामा ने देश भर में 50 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया है। कई बड़े सितारों से सजी इस फिल्म को देखने के लिए अभी भी दर्शक थियेटर्स का रुख कर रहे हैं।
