
जबलपुर। खितौला पुलिस और क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर एक नीले रंग के डीजल-पेट्रोल टैंकर को पकड़ा, जिसमें शातिर तरीके से अवैध गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। इस कार्रवाई में 20 किलो गांजा 10 लाख रुपए का जब्त किया गया है।
खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि शहडोल की ओर से एक डीजल पेट्रोल टैंकर क्रमांक एमपी 18 एच 5408 में अवैध मादक पदार्थ लेकर जबलपुर की तरफ आ रहा है। सूचना पर टीम ने तत्काल पान उमरिया रोड स्थित बिजली ऑफिस के सामने नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन का इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद जब बताए गए हुलिए का नीला टैंकर वहां पहुंचा, तो पुलिस ने उसे रोक लिया। चालक और केबिन में बैठे व्यक्तियों से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान केबिन में रखे एक बोरे और चैन वाले बैग से कुल 20 पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा भरा था। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 20 किलोग्राम निकला।पुलिस ने मौके से देवराज यादव (39) निवासी ग्राम रौसरा, थाना चुरहटा, जिला रीवा, महेंद्र कुमार पटेल (34) निवासी सिमरा, थाना जयसिंह नगर, जिला शहडोल,बिनोद कुमार यादव (34) निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त टैंकर, मोबाइल फोन और नगद राशि जब्त की है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
