लखनऊ 11 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की कथित ब्रिटिश नागरिकता मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ में शुक्रवार को एक पुनर्विचार याचिका दाखिल की गयी है।
याची एस विग्नेश शिशिर के अनुसार उन्होंने शुक्रवार को उक्त पुनर्विचार याचिका दाखिल की है, जिसमें लंदन, वियतनाम और उज़्बेकिस्तान के वीडियो सहित अन्य साक्ष्य भी दाखिल किए हैं।
उल्लेखनीय है कि उच्च न्यायालय ने बीती पांच मई को मूल याचिका को निस्तारित करते हुए याची को छूट दी थी कि वह अन्य विधिक वैकल्पिक उपाय अपना सकता है। कोर्ट ने यह आदेश केंद्र सरकार की ओर से आये इस जवाब के बाद दिया था कि याची द्वारा की गई शिकायत के निस्तारण के लिए कोई समय सीमा नहीं बतायी जा सकती है, क्योंकि, यूनाइटेड किंगडम से जानकारियां मांगी गई हैं और उनके द्वारा मांगी गई जानकारियां देने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
कर्नाटक के एस विग्नेश शिशिर का कहना है कि उन्होंने शुक्रवार को उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री में पुनर्विचार याचिका दाखिल की है, हालांकि रजिस्ट्री ने सुनवायी के लिए अभी याचिका को पास नहीं किया है। रजिस्ट्री से पास होने के बाद ही कोई भी याचिका हाईकोर्ट के समक्ष सुनवायी के लिए पेश की जाती है।
