इंदौर:ग्राम पलासिया की सेवा सहकारी संस्था में खाद देने से मना किए जाने पर एक किसान भड़क उठा और कर्मचारी से मारपीट करते हुए कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी. मामले में पुलिस जांच कर रही है. क्षिप्रा थाना क्षेत्र के ग्राम पलासिया स्थित सेवा सहकारी संस्था में एक किसान ने खाद न मिलने पर हंगामा खड़ा कर दिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी महेंद्र सिंह निवासी मंडलावदा ने विवाद के दौरान संस्था कर्मचारी अभिषेक सिंह से गाली-गलौज की और मना करने पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया. मारपीट में अभिषेक के चेहरे और कान के नीचे चोटें आईं. आरोपी ने कार्यालय में तोड़फोड़ कर फरियादी का मोबाइल भी तोड़ दिया. जाते समय उसने जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है.
