
इंदौर। राऊ पुलिस ने अपहरण के एक सनसनीखेज मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में अनाज व्यापारी को सकुशल मुक्त करा लिया. पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है. वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली गई है.
एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि घटना सोमवार 25 मई की शाम करीब 6 बजे की है, जब पीथमपुर रोड स्थित वाइन शॉप के पास खड़े अनाज व्यापारी को 4-5 बदमाशों ने जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल तलाश शुरू की गई. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध कार का सुराग मिला. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन को ट्रेस करते हुए टीम ग्राम नागपुर (सांवेर) पहुंची, जहां दबिश देकर व्यापारी सूरज लववंशी को आरोपियों के कब्जे से सुरक्षित छुड़ा लिया. मौके से विशाल पटेल, जितेंद्र पटेल, सुमित पटेल और गब्बर उर्फ सुनील पटेल को हिरासत में लिया, जबकि मुकेश पटेल फरार है. पूछताछ में मामला जमीन विवाद और आपसी लेन-देन से जुड़ा सामने आया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
