मुंबई, 27 अक्टूबर (वार्ता) बैंकों द्वारा डॉलर की बिकवाली और कच्चे तेल में बाद में रही नरमी से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया मंगलवार को सात पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.08 रुपये का बोला गया।
रुपया सात पैसे मजबूत
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 22 पैसे टूटकर 95.15 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपया आज दो पैसे गिरकर 95.17 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और दोपहर से पहले ही 95.24 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गया। इसके बाद इसमें सुधार हुआ और यह 95.03 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। अंत में 95.08 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
कारोबारियों ने बताया कि वाणिज्यिक बैंकों ने आज डॉलर की बिकवाली बढ़ा दी जिससे रुपये को समर्थन मिला। साथ ही, शुरुआती तेजी के बाद कच्चे तेल में रही नरमी से भी रुपया मजबूत हुआ। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल तीन-चौथाई प्रतिशत टूटकर 115 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया।
वहीं, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक के 0.3 प्रतिशत मजबूत होने से भारतीय मुद्रा की बढ़त सीमित रही।
