मुंबई, (वार्ता) हिंदी फिल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों में अपनी यादगार सहायक और हास्य भूमिकाओं के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता मुश्ताक खान का गुरूवार को मुंबई के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे।
कैंसर से पीड़ित मुश्ताक खान को तबीयत बिगड़ने के बाद नानावती अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से हिंदी सिनेमा और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
मुश्ताक खान ने 1980 के दशक में फिल्म ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘दिल है कि मानता नहीं’ (1991) और ‘हम हैं राही प्यार के’ (1993) जैसी फिल्मों से अपनी खास पहचान बनाई। तीन दशकों से अधिक के अपने लंबे करियर में उन्होंने ‘वेलकम’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’, ‘गदर 2’, ‘स्त्री 2’, ‘क्रांतिवीर’, ‘आशिकी’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘हेरा फेरी’ और ‘राउडी राठौर’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया।
फिल्मों के अलावा उन्होंने टेलीविजन धारावाहिकों में भी अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया। वे ‘वागले की दुनिया’, ‘भारत एक खोज’ और ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ जैसे लोकप्रिय टीवी शो का हिस्सा रहे।
