नयी दिल्ली, 3 अक्टूबर (वार्ता) नाबार्ड की अनुषंगी कंपनी नाबकिसान ने देश में पहली बार विशेष रूप से पानी तथा साफ-सफाई क्षेत्र (वाश) पर केंद्रित सोशल बॉन्ड जारी कर के 180 करोड़ रुपये जुटाए हैं जो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में सूचीबद्ध कराया गया है। इस बॉन्ड निर्गम को निवेशकों का मजबूत समर्थन मिला और 1.8 गुना अधिक बोलियां प्राप्त हुईं। पांच वर्ष की परिपक्वता अवधि वाले इस बॉन्ड की कूपन (देय ब्याज) दर 8.10 प्रतिशत है। इसकी परिपक्वता सितंबर 2031 में होगी और इसे रेटिंग एजेंसी क्रिसिल तथा केयर ने एएए की सर्वोच्च घरेलू क्रेडिट रेटिंग दी है।
इस बॉन्ड से प्राप्त धनराशि का उपयोग ग्रामीण और वंचित समुदायों में सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता और हाइजीन (वाश) संबंधी सुविधाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए किया जाएगा। नाबार्ड का कहना है कि इससे स्वास्थ्य, आजीविका और जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने में योगदान मिलेगा। नाबार्ड के अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी. ने पहली अक्टूबर को हुई सूचीबद्धता के संबंध में कहा कि वाश बॉन्ड का सफल निर्गम महत्वपूर्ण विकास प्राथमिकताओं को पूरा करने में नवोन्मेषी वित्तीय तंत्र की क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जल और स्वच्छता तक बेहतर पहुंच ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, आजीविका और जीवन की गुणवत्ता को मजबूत करती है। साथ ही, विकास संस्थान ऐसी परियोजनाओं को वित्तपोषण योग्य बनाने और वाणिज्यिक तथा पूंजी बाजारों से व्यापक भागीदारी आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर नाबकिसान के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ इम्मानुवेल गणेशन ने कहा कि वाश बॉन्ड यह दर्शाता है कि पूंजी बाजार के साधनों के माध्यम से विकास के महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए संसाधन जुटाए जा सकते हैं और साथ ही मापने योग्य सामाजिक प्रभाव भी उत्पन्न किया जा सकता है। निवेशकों की मजबूत प्रतिक्रिया समावेशी और टिकाऊ ग्रामीण विकास को आगे बढ़ाने के साधन के रूप में स्वस्थ वित्त में बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

