मुंबई, 24 सितंबर (वार्ता) कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया गुरुवार को 26 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.99 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा में यह लगातार दूसरी गिरावट है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 11 पैसे फिसलकर 95.73 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपये पर आज शुरू से ही दबाव रहा। यह 11 पैसे नीचे 95.84 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। बीच कारोबार में यह ऊपर 95.80 रुपये प्रति डॉलर तक गया। बाद में हालांकि डॉलर की मांग आने से
यह 95.99 रुपये प्रति डॉलर तक टूट कर उसी स्तर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और डॉलर में तेजी से रुपया दबाव में रहा। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज दो प्रतिशत से अधिक चढ़कर 105 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। डॉलर सूचकांक भी 0.15 प्रतिशत मजबूत हुआ।
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार में 80.62 करोड़ डॉलर लगाने से भारतीय मुद्रा की गिरावट सीमित रही।
