भोपाल: केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी वचनबद्धता निभाते हुए शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा के बाढ़ प्रभावित लिलवारा गाँव के जाबांज युवा गिरिराज को मात्र 12 घंटे में नया ट्रैक्टर भेंट किया।गौरतलब है कि 21 अगस्त की शाम को सिंधिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुँचे थे।
इस दौरान लिलवारा गाँव में उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया, जहाँ उन्हें ज्ञात हुआ कि गाँव के युवा गिरिराज ने अपने ट्रैक्टर की मदद से पूरी रात कई ग्रामीणों की जान बचाई। राहत कार्य में लगातार जुटे रहने के कारण उसका ट्रैक्टर पानी में डूबकर खराब हो गया था।गिरिराज की बहादुरी और त्याग की सराहना करते हुए सिंधिया ने उसी समय नया ट्रैक्टर देने का वादा किया था। वादा निभाते हुए उन्होंने अगले ही दिन व्यक्तिगत रूप से पहुँचकर गिरिराज को ट्रैक्टर सौंपा।
इस मौके पर भावुक होते हुए सिंधिया ने गिरिराज की माँ की ओर इशारा कर कहा अब यह सिर्फ आपका बेटा नहीं, मेरा बेटा भी है।सिंधिया ने कहा कि गिरिराज जैसे युवाओं का साहस और सेवा-भाव पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि गिरिराज ने न केवल अपने गाँव बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
