
मंदसौर। वायडी नगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महू-नीमच फोरलेन से पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच पिठ्ठू बैगों में रखा 67.38 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और एक कीपेड मोबाइल भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त एवं पेट्रोलिंग के दौरान महू-नीमच हाईवे पर संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने पांचों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवदीपसिंह (22), राजिन्दरसिंह (58), गुरप्रीत (29), अंग्रेजसिंह उर्फ गेजसिंह (23) और हरिन्दरपालसिंह उर्फ काला (42) के रूप में हुई है। इनमें चार आरोपी पंजाब तथा एक हरियाणा का निवासी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना वायडी नगर में अपराध क्रमांक 363/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल एवं सीएसपी जितेन्द्र भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में की गई। इसमें सउनि जगदीश ठाकुर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
