सोशल मीडिया पर भारत-वेस्टइंडीज मैच के फर्जी टिकटों का जाल

इंदौर: 11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच के टिकटों की बिक्री समाप्त होने के बाद सोशल मीडिया पर फर्जी टिकटों का खेल शुरू हो गया है. व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर फर्जी पेज, प्रोफाइल और ग्रुप बनाकर वीआईपी व सामान्य टिकट उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है. साइबर ठग टिकट देने के नाम पर 20 से 25 प्रतिशत एडवांस और कोरियर चार्ज मांग रहे हैं.

मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) और आधिकारिक टिकटिंग पार्टनर डिस्टि्रक्ट/जोमैटो की ओर से 25 तारीख को ही ऑनलाइन टिकट बिक्री समाप्त होने की घोषणा की जा चुकी है. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर टिकट उपलब्ध होने के दावे किए जा रहे हैं. पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने ऐसे कई संदिग्ध पेज और प्रोफाइल चिन्हित किए हैं. क्राइम ब्रांच ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच की तो इनमें से कई के तार पश्चिम बंगाल और राजस्थान के साइबर अपराध से जुड़े इलाकों तक पहुंचते मिले. ठग दर्शकों को टिकट कोरियर से घर भेजने का झांसा देकर पहले एडवांस राशि लेने की कोशिश कर रहे हैं.

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने चिन्हित फर्जी पेज और प्रोफाइल को ब्लॉक कराने के लिए मेटा को पत्र भेजा है. पुलिस की तकनीकी टीम इन खातों और मोबाइल नंबरों की निगरानी कर रही है. अब तक इस मामले में किसी नागरिक के साथ ठगी की औपचारिक शिकायत सामने नहीं आई है. एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया का कहना है कि मैच को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे टिकट बिक्री के दावों की निगरानी की जा रही है और लोगों को किसी अनजान व्यक्ति को एडवांस भुगतान नहीं करने की सलाह दी गई है.

Next Post

मास्टर प्लान सड़क में बाधक हटाने की कार्रवाई शुरू

Tue Oct 6 , 2026
इंदौर: नगर निगम द्वारा मास्टर प्लान की योजना के तहत भूरी टेकरी से नायता मुंडला तक निर्माणाधीन RE 2 सड़क निर्माण में बाधक बिचौली, कांकड़, शिव नगर एवं शिव दर्शन नगर के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू दी। निगम रिमूवल विभाग द्वारा दो दिन पहले हटाने नोटिस जारी किए गए […]

You May Like