
बड़वानी, (नवभारत)।एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, एएसपी धीरज बब्बर एवं एसडीओपी महेश सुनैया के मार्गदर्शन में सिलावद पुलिस द्वारा ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेजों के संचालन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
एक सख्त संदेश है यह कार्रवाई
थाना प्रभारी सिलावद निरीक्षक रामकृष्ण लोवंशी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद संबंधित प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए गए, जहां सुनवाई के बाद 11 वाहन चालकों पर 98700 रूपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया। यह कार्रवाई यातायात नियमों के प्रति लापरवाही बरतने वालों के लिए एक सख्त संदेश है।
नियमों का पालन करने की समझाईश
सिलावद पुलिस ने बताया कि ओवरलोडिंग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सडक़ दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी या भार लेकर वाहन नहीं चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की समझाईश दी गई। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन का आधार
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और आमजन को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस ने अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करे, ओवरलोडिंग से बचे तथा सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दे। सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन का आधार है।
