
देवास। इटावा में चल रही ‘मेरे गणेश, मिट्टी के गणेश’ कार्यशाला में देवास की विधायक राजमाता श्रीमंत गायत्रीराजे पवार ने उपस्थित होकर कार्यशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली तथा विगत एक माह में तैयार की गई 1000 मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं का अवलोकन कर अभियान की सराहना की। विगत 10 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान की प्रशंसा करते हुए विधायक श्रीमंत गायत्रीराजे पवार ने कहा कि, मिट्टी के गणेश बनाने और पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान वास्तव में सराहनीय एवं अनुकरणीय प्रयास है। हमें अपनी परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़कर मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं को अपनाना चाहिए। इस अवसर पर विधायक ने अपने हाथों से मिट्टी के गणेश जी की प्रतिमा का निर्माण भी किया। कार्यक्रम संयोजक ऋचा आदित्य दुबे ने विधायक का स्वागत रुद्राक्ष की माला एवं पवित्र गंगाजल भेंट कर किया।
उन्होंने बताया कि राजमाता श्रीमंत गायत्रीराजे पवार के आगमन के साथ ही कार्यशाला में तैयार 1000 मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं को आमजन, विशिष्टजन, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पत्रकार, अधिकारियों को भेंट करने के अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भाजपा महामंत्री विजय सिंह पंवार, मंडल अध्यक्ष नवीन सोलंकी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा, पार्षद राजेंद्र ठाकुर, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गोस्वामी, युवा मोर्चा महामंत्री गोविंद ठाकुर, गजेंद्र गोस्वामी, सहित अन्य गणमान्यजन ने प्रतिमा का निर्माण किया कार्यक्रम सहयोगी मयंक विश्वकर्मा, पलक शर्मा उपस्थित रहे।
