त्रिपोली, 02 जून (वार्ता) लीबिया की राजधानी त्रिपोली से लगभग 230 किलोमीटर दक्षिण में नसमाह गांव के पास रेगिस्तान में विभिन्न अफ्रीकी देशों के 50 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
लीबिया के गृह मंत्रालय ने फेसबुक पर प्रकाशित एक बयान में कहा “ नसमाह के पास बीहड़ घाटी क्षेत्रों में बॉर्डर गार्ड के गश्ती दल तैनात किए गए थे, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा योजना को क्रियान्वित करना और बीहड़ रेगिस्तानी मार्गों से अवैध प्रवासियों के प्रवाह को नियंत्रित करना था।”
बयान में कहा गया है कि गिरफ्तार किए गये 50 प्रवासियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए एक रिसेप्शन सेंटर को सौंपने से पहले मानवीय और प्राथमिक चिकित्सा सहायता प्रदान की गयी।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 में लंबे समय तक शासक रहे मुअम्मर गद्दाफी को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद असुरक्षा और अराजकता के कारण, लीबिया भूमध्य सागर को पार करके यूरोपीय तटों की ओर जाने वाले प्रवासियों के लिए एक आकर्षण का केंद्र बन गया है।
अंतर्राष्ट्रीय प्रवास संगठन के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक 9,285 प्रवासियों को रोका गया है और उन्हें लीबिया वापस भेजा गया है, जबकि 160 प्रवासियों की मौत हो गई और 234 अन्य मध्य भूमध्यसागरीय मार्ग पर लापता हो गए।
लीबिया ने यूरोपीय संघ और लीबिया से होने वाले प्रवास प्रवाह से प्रभावित देशों से अवैध प्रवास को रोकने में अधिक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है।

