सेही को मारकर खाने की फिराक में थे, तीन आरोपियों को वन विभाग ने पकड़ा

शाजापुर। वन विभाग ने सेही का शिकार कर उसे खाने की फिराक में घूम रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वन विभाग को यह सफलता मुखबीर की सूचना पर मिली है. अब विभागीय अधिकारी आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रहे हैं. अधिकारियों ने बदमाशों से एक स्कूटी भी बरामद की है.

जानकारी के अनुसार रविवार को दिल्लोद निवासी ऋषिराज पिता सुरेसिंह प्याज के खेत में कुछ काम कर रहा था. जहां उसने देखा कि एक सेही उसके प्याज को नुकसान पहुंचा रही है. इस पर उसने पत्थर से उसे मार दिया. उसके मरने के बाद में उसने अपने एक निजी चिकित्सक भेरुलाल को सूचना दी, जिसने उसे सेही के मामले में अलग ही जानकारी दी और बताया कि इसका ज्यूस पीने से काफी फायदा होता है. इस पर इन्होंने अपने एक और साथी को अपने साथ लिया और लोंदिया रोड पर एक ढाबे वाले के पास पहुंचे. जहां उसे बताया कि हमें इसे काटना नहीं आता. आप इसके कांटे उतारकर इसे पकाकर हमें दे दो. आधा आप रख लेना और बाकी हम लोग ले लेंगे, लेकिन आरोपी अपने प्लान में कामयाब हो पाते, इसके पहले ही इसकी सूचना वन विभाग तक पहुंच गई, जिन्होंने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया. पूछताछ में ऋषिराज ने बताया कि वह इस सेही से काफी परेशान हो चुका था, जो आए दिन उसके प्याज को नुकसान पहुंचा रही थी. इसलिए उसने इसे भगाने का प्रयास किया था, लेकिन वह मर गई. वन विभाग ने भेरूलाल पिता बालचंद्र 55 निवासी ज्योतिनगर, ऋषिराज पिता सुरेसिंह 18 निवासी दिल्लोद व कपिल पिता मनोहर सिंह 21 निवासी दिल्लोद को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में उप वन मंडलाधिकारी एफएस नीनामा, मोहनलाल विश्वकर्मा, सचिन पाटीदार, प्रदीप मंडलोई, डिप्टी रेंजर ललित उपाध्याय, डिप्टी रेंजर अशोकसिंह बघेल की सराहनीय भूमिका रही.

अफवाहों के चलते लुप्त होता जा रहा प्राणी

 

सेही को लेकर कई तरह की अफवाहें प्रचलित हैं. कहा जाता है कि इसका ज्यूस पीने से शरीर को काफी फायदा होता है. वहीं यह भी कहा जाता है कि इसका मूल्य भी बहुत होता है. जिसके चलते बहुतायत में पाया जाने वाला यह सुंदर प्राणी अब अपनी पहचान खोता जा रहा है. इन लोगों ने भी इसे पकाकर खाने की योजना बनाई थी.

इनका कहना है

सेही का शिकार करने वाले तीन आरोपियों को पकड़ा है. जानवर का पीएम किया जा रहा है. आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

– एफएस निनामा, उप वन मंडलाधिकारी-शाजापुर

Next Post

ईरान ने अपने अधिकांश परमाणु ठिकानों की जांच की सुविधा दे दी : आईएईए प्रमुख

Mon Dec 15 , 2025
वियना, 15 दिसंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल ग्रोसी ने सोमवार को कहा कि ईरान ने 12-दिवसीय युद्ध में क्षतिग्रस्त परमाणु सुविधाओं को छोड़कर अधिकांश परमाणु ठिकानों के निरीक्षण की फिर से अनुमति दे दी है। श्री ग्रोसी ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था […]

You May Like