सीहोर. बीमारी से परेशान एक व्यक्ति अपने खेत पर बने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. वह अपनी बीमारी से इतना तंग आ गया था कि कुएं में कूदने से पहले उसने दोनों पैरों को गमछे से बांध लिया था. सुबह लोगों ने उसका शव पानी में तैरते देखा तो पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय शीतल विहार कालोनी निवासी लगभग 52 वर्षीय हरीशंकर पाठक समीपवर्ती ग्राम नयापुरा निवासी हैं. बताया जाता है कि वह पिछले कई दिनों से बीमारी का सामना कर रहे थे. बीती रात वह अपने दुपहिया वाहन से घर से निकलकर खेत पर पहुंचे. कुछ देर बाद परिजनों ने उन्हें कॉल किया पर उन्होंने रिसीव नहीं किया तो वह खेत पर पहुंचे. वहां केवल उनका वाहन व चप्पल पड़ी नजर आई. उन्होंने आसपास भी तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला. सुबह जब लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो उनका शव पानी में तैरता मिला. थाना कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को निकलवाते हुए पीएम के लिए भेजा. प्रथम दृष्टया आत्महत्या का कारण बीमारी से तंग आना बताया जा रहा है. थाना प्रभारी का कहना है कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है.
